ग्रीष्मकालीन धान की नर्सरी नष्ट, एक कुंतल बीज जब्त
गदरपुर । जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर तथा मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में, ग्रीष्मकालीन धान की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। आज उपजिलाधिकारी रिचा सिंह की अध्यक्षता में तहसीलदार लीना चंद्रा, राजस्व टीम और कृषि विभाग द्वारा संयुक्त रूप से तहसील के मदनापुर और बरीराई क्षेत्र में अवैध नर्सरी को नष्ट किया गया।मदनापुर क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान, टीम ने 0.151 हेक्टेयर भूमि पर लगाई गई ग्रीष्मकालीन धान की नर्सरी को नष्ट कर दिया। साथ ही, मौके से पौध लगाने के लिए रखे गए लगभग एक कुंतल बीज को भी जब्त कर लिया गया।वहीं, बरीराई क्षेत्र में 0.405 हेक्टेयर भूमि पर बोई गई धान की पौध को नष्ट करने के दौरान टीम को स्थानीय ग्रामीणों के तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए उपजिलाधिकारी ने उन्हें कानून की स्थिति समझाई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ग्रीष्मकालीन धान लगाने की अनुमति केवल उन्हीं क्षेत्रों में है, जहाँ भूमि दलदली होने के कारण कोई अन्य फसल हो पाना संभव नहीं है।किसानों द्वारा अंत में प्रशासन को लिखित में एक शपथ पत्र दिया गया। किसानों ने सहायक कृषि अधिकारी अनिल अरोड़ा को दिए शपथ पत्र में वादा किया कि यदि 7 मार्च तक शासन से उन्हें ग्रीष्मकालीन धान लगाने की अनुमति प्राप्त नहीं होती है, तो वे स्वयं पौध को नष्ट कर देंगे या प्रशासन द्वारा नष्ट करने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना अनुमति के ग्रीष्मकालीन धान बिल्कुल न लगाएं।
