प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा : कांग्रेस की रैली में मुस्लिम यूनिवर्सिटी समर्थकों का जमावड़ा
देहरादून (उद संवाददाता)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस द्वारा आयोजित रैली पर तीखा प्रहार करते हुए इसे पूरी तरह ‘फ्लॉप शो’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह रैली जनता की नहीं, बल्कि भाड़े की भीड़ और मुस्लिम यूनिवर्सिटी समर्थकों का जमावड़ा मात्र थी। भट्टð ने तंज कसते हुए कहा कि आत्ममुग्ध कांग्रेस इस विफल रैली के भरोसे बैठी है, लेकिन प्रदेश की समझदार जनता उसे समय पर करारा जवाब देगी। भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की यह रैली पूर्व में घोषित जनहित के मुद्दों से पूरी तरह भटकी हुई नजर आई और इसमें कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति साफ झलकी। महेंद्र भट्ट ने रैली के दौरान लगे नारों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रदर्शन में मुस्लिम यूनिवर्सिटी के समर्थन में नारों की गूंज सुनाई दी, जिससे कांग्रेस का असली एजेंडा उजागर हो गया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस राज्य में जनसांख्यिकीय परिवर्तन (डेमोग्राफी चेंज) और धौलास सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर हमलावर होने का नाटक करती है, तो वहीं दूसरी ओर उसकी रैली में अवैध कब्जों के समर्थकों की स्पष्ट झलक दिखाई दी। भाजपा अध्यक्ष ने इस प्रदर्शन को झूठ और भ्रम फैलाने की एक और असफल कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि रैली में आम जनता की अनुपस्थिति यह सिद्ध करती है कि उत्तराखंड विकास के मार्ग पर बहुत आगे निकल चुका है और लोगों को अब कांग्रेस के राजनैतिक प्रपंचों में कोई रुचि नहीं है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस खुद गहरे भ्रम का शिकार है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जहाँ भाजपा आने वाले वर्ष को विकास की रफ्तार बढ़ाने के स्वर्णिम अवसर के रूप में देख रही है, वहीं कांग्रेस नेता केवल राजनैतिक षडड्ढंत्रें में व्यस्त हैं। रैली में मुस्लिम यूनिवर्सिटी और मदरसा बोर्ड की बहाली की मांग वाले बैनरों व तख्तियों का हवाला देते हुए भट्ट ने कहा कि इससे कांग्रेस का दोहरा चेहरा जनता के सामने स्पष्ट हो गया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस इसी एजेंडे के साथ देवभूमि का विकास करना चाहती है? सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए भट्ट ने कहा कि पिछले चार वर्षों में वर्तमान सरकार ने विकास और जनकल्याण के अनगिनत और ऐतिहासिक कार्य किए हैं। भाजपा सरकार जनता से किए गए हर वादे पर पूरी तरह खरी उतरी है और शेष कार्यकाल में उम्मीद से भी कहीं अधिक विकास कार्य संपन्न किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस को असली पीड़ा इस बात से है कि राज्य निर्माण के समय से चली आ रही जटिल समस्याओं का समाधान भाजपा सरकार ने कैसे कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मुद्दों पर विपक्ष झूठ और भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है, उन पर प्रदेश की जनता का अटूट विश्वास और समर्थन केवल भाजपा के साथ है।
