February 4, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

खड़ी इनोवा कार बनी आग का गोला

हल्द्वानी (उद संवाददाता)। रामपुर रोड के समीप सड़क किनारे खड़ी एक इनोवा कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत यह रही कि जिस समय आग लगी, कार के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वाहन कोहली गार्डन निवासी गुरप्रीत सिंह का है। गुरप्रीत सिंह रामपुर रोड स्थित एक वैद्य के पास आए थे और अपनी कार को सड़क किनारे पार्क कर चले गए थे। उनके जाने के कुछ ही देर बाद कार से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। व्यस्त मार्ग पर कार को आग की लपटों से घिरा देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।आग लगने की खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के स्पष्ट कारणों की जांच की जा रही है, प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है। फिलहाल आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *