Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

देहरादून और हल्द्वानी के सीवर लाइन प्रोजेक्ट्स को मिली मंजूरी

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में उच्च स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में पेयजल निगम द्वारा प्रदेश में प्रस्तावित विभिन्न सीवर लाइन परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को संस्तुति प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने देहरादून शहर की सीवर लाइन व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि शहर के उन सभी क्षेत्रों की प्राथमिकता सूची तैयार की जाए, जो अब तक सीवर नेटवर्क से वंचित हैं। उन्होंने पूरे देहरादून की मैपिंग कर सीवर लाइन की लास्ट- माइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए समग्र योजना बनाने पर बल दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि सम्पूर्ण देहरादून को सीवर लाइन कनेक्टिविटी से जोड़ना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। बैठक में हल्द्वानी में अटल मार्ग ;नवाबी रोडद्ध स्थित दुर्गा सिटी चौराहा से कालाढूंगी रोड तक ट्रंक सीवरेज योजना, जिसकी लागत 948.94 लाख रुपये है, को संस्तुति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त देहरादून में साकेत कॉलोनी, कनाल रोड क्षेत्र में 905.80 लाख रुपये की लागत से सीवरेज नेटवर्क निर्माण कार्य को भी मंजूरी दी गई। ये दोनों परियोजनाएँ संबंधित नगरों में सीवरेज प्रणाली को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। बैठक के दौरान सचिव श्री शैलेश बगौली, डॉ. वी. षणमुगम तथा पेयजल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *