February 21, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बुजुर्ग महिला हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा : लालची भतीजा ही निकला ताई का कातिल

70 सीसीटीवी कैमरों ने उगला सच, पैसों की खातिर मफलर से घोंटा था वृद्ध महिला का गला
खटीमा/रूद्रपुर(उद संवाददाता)। पुलिस ने खटीमा क्षेत्र के चर्चित बुजुर्ग महिला हत्याकांड का 72 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर सनसनीखेज खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के कुशल निर्देशन में काम कर रही पुलिस टीम ने साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ते हुए मृतका के सगे भतीजे को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महज कुछ रुपयों के लालच में अपनी ताई की बेरहमी से हत्या कर दी थी। बता दें बीती 18 फरवरी की देर रात डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि सितारगंज रोड स्थित देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में एक मकान के भीतर वृद्ध महिला जानकी चंद का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने जब घटनास्थल का निरीक्षण किया, तो मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हुआ। मृतका के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की संवेदन शीलता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस की कई टीमें गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने खटीमा शहर और घटनास्थल के आसपास लगे लगभग 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के बाद पुलिस का शक मृतका के भतीजे रवि चंद पर गहराया। एसएसपी अजय गणिपति ने पत्रकारों को बताया कि शनिवार को पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी रवि चंद पुत्र स्व- जगदीश चंद को झनकट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह हरियाणा के नांगल में मजदूरी करता है और उसे पैसों की सख्त जरूरत थी। 17 फरवरी की शाम वह चेहरा छिपाकर अपनी ताई जानकी चंद के घर पहुंचा। वहां उसने अपनी ताई के साथ भोजन भी किया। जैसे ही उसे मौका मिला, उसने अपने मफलर से ताई का मुंह और गला दबा दिया। संघर्ष के दौरान वृद्धा फर्श पर गिर गई, जिससे उनके नाक-मुंह से भारी रक्तस्राव हुआ और उनकी मृत्यु हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने अलमारी से नकदी भरा पर्स लूटा और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटा गया माल बरामद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस का यह कड़ा रुख भविष्य में भी जारी रहेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *