February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

झाड़ियों से युवती का जला हुआ शव मिलने से सनसनी

हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र के गजीवाली गांव हाईवे के समीप उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में एक युवती का अधजला शव देखा। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची श्यामपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया शव की स्थिति से मामला हत्या कर शव जलाने का प्रतीत हो रहा है। मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है, जो घटनास्थल से सबूत जुटाने का काम कर रही है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है, जिसमें हत्या, दुष्कर्म या कोई अन्य आपराधिक एंगल भी शामिल है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाला जा रहा है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है। स्थानीय लोग इस वीभत्स वारदात से स्तब्ध हैं और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आमजन से भी शव की पहचान में मदद करने की अपील की है। अगर किसी को युवती की पहचान या इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी है, तो वह पुलिस से संपर्क कर सकता है। फिलहाल, पुलिस टीम सतर्कता के साथ जांच में जुटी है और जल्द ही वारदात की सच्चाई सामने लाने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *