Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सिडकुल में युवक का शव मिलने से सनसनी

रुद्रपुर (उद संवाददाता)। सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं, हालांकि अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर सिडकुल क्षेत्र के अंतर्गत झाड़ियों के पास कुछ लोगों ने एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मृत्यु हो चुकी है, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी इंचार्ज दिनेश बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच में मृतक की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। तलाशी के दौरान युवक के पास से कोई भी पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। हालांकि, उसकी जेब से एक मोबाइल फोन मिला है जो फिलहाल बंद अवस्था में है। पुलिस अब तकनीकी टीम की मदद से उक्त मोबाइल को चालू करने और उसके संपर्कों के जरिए मृतक की पहचान स्थापित करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिनाख्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *