February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दुकान के अंदर व्यापारी का शव मिलने से सनसनी

पौड़ी (उद संवाददाता)। पौड़ी शहर के व्यस्ततम धारा रोड इलाके में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दुकान के भीतर व्यापारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना का पता तब चला जब आस पास के दुकानदारों ने दुकान खुली देखी और अंदर व्यापारी को अचेत पाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह स्थानीय व्यापारियों ने देखा कि एक दुकान खुली हुई है, लेकिन अंदर दुकानदार बिना किसी हलचल के लेटा हुआ है। आसपास के लोगों द्वारा कई बार आवाज लगाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो तुरंत पौड़ी कोतवाली पुलिस को सूचित किया गया। कोतवाली के एसएसआई राज विक्रम सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। मृतक की पहचान विजय आनंद सिंह (लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस की प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं। एसएसआई राज विक्रम सिंह ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना के बाद से धारा रोड और पूरे पौड़ी शहर में शोक का माहौल है। व्यापार सभा के अध्यक्ष विनय शर्मा ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि एक व्यापारी का अपनी दुकान में इस तरह मृत मिलना अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। स्थानीय व्यापारियों ने मृतक के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। पुलिस फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *