खटीमा में बुजुर्ग महिला का शव मिलने से सनसनी ,हत्या की आशंका
खटीमा। देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया जब लगभग 60 वर्षीय जानकी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। वहीं अकेली बुजुर्ग महिला का कमरे में शव मिलने से हत्या की आशंका जतायी जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और कॉलोनी में दहशत का माहौल है। जानकी मकान की दूसरी मंजिल पर अकेली रहती थीं। घटना का खुलासा तब हुआ जब वह पूरे दिन अपने कमरे से नीचे नहीं उतरीं। उन्हें लंबे समय तक न देख नीचे रह रहे किरायेदारों और पड़ोसियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। आनन-फानन में परिजनों और आसपास के लोगों को सूचित किया गया। जब लोगों की मौजूदगी में दरवाजा खोलकर अंदर देखा गया तो जानकी मृत अवस्था में पड़ी थीं। बुजुर्ग महिला को इस हाल में देख परिजनों में कोहराम मच गया और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला काफी रहस्यमय नजर आ रहा है क्योंकि घर के अंदर का सारा सामान पूरी तरह व्यवस्थित मिला है। न तो घर की अलमारी टूटी हुई थी और न ही लॉकर या कीमती सामान से किसी तरह की छेड़छाड़ के निशान मिले। घटनास्थल पर किसी भी तरह के संघर्ष या जबरन प्रवेश के संकेत भी नहीं पाए गए हैं, जिससे मौत के कारणों को लेकर सस्पेंस गहरा गया है। पुलिस ने गहनता से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया और मृतका का मोबाइल फोन सहित अन्य संदिग्ध वस्तुओं को अपने कब्जे में ले लिया है। परिजनों और स्थानीय निवासियों ने बताया कि जानकी बेहद शांत और धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं। वह पिछले 12-13 वर्षों से निरंतर सत्संग और आध्यात्मिक कार्यक्रमों से जुड़ी हुई थीं। बताया जा रहा है कि 20 फरवरी को उन्हें एक सत्संग कार्यक्रम के सिलसिले में दिल्ली जाना था, लेकिन उससे पहले ही उनकी मौत की खबर सामने आ गई।पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो जानकी के पति का निधन करीब 12-13 वर्ष पूर्व हो चुका था। उनकी बेटियां विवाह के बाद अपने ससुराल में रहती हैं और बेटा नौकरी के सिलसिले में शहर से बाहर रहता है। परिवार के अन्य सदस्यों के अलग रहने के कारण वह लंबे समय से घर की ऊपरी मंजिल पर अकेली रह रही थीं, जबकि मकान का निचला हिस्सा उन्होंने किराये पर दिया हुआ था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। महिला के सिर चेहरे और गले पर भारी वस्तु से प्रहार के गहरे निशान मिले हैं। जबकि चिकित्सकों की प्रारंभिक रिपोर्ट में शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत की इस गुत्थी को सुलझाने के लिए चिकित्सकों ने विसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए लैब भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट और विसरा जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल्स और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। इस घटना ने शहर में अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
