February 20, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

श्वेता महरा और रूपेश मिश्रा के गीतों पर थिरका रुद्रपुर

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला के छठे दिन आयोजित पूर्वांचल बॉलीवुड सांस्कृतिक संध्या ने मेले में उमड़े जनसमूह को मनोरंजन, उत्साह और सांस्कृतिक विविधता के रंगों से सराबोर कर दिया। गांधी पार्क के मैदान में आयोजित इस भव्य संध्या का शुभारंभ पूर्वांचली लोक गायक रूपेश मिश्रा ने श्री गणेश स्तुति के साथ किया। इसके बाद उन्होंने और प्रांजलि ने अपने सुरीले गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मेले के छठे दिन मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने सभी को मेले की बधाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने उत्तराखंड और भारत सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने रुद्रपुर में त्रिशूल चौक बनाने के लिए मेयर और स्थानीय जनता को विशेष रूप से बधाई दी। सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण उत्तराखंड की प्रसिद्ध गायिका श्वेता महर रहीं। श्वेता महर के ऊर्जावान और लोकप्रिय गीतों ने कार्यक्रम में समां बांध दिया। उनके शानदार मंच प्रदर्शन और संगीत की धुनों ने पूरे आयोजन स्थल को उत्सवमय माहौल में बदल दिया, जहां उपस्थित लोग देर रात तक थिरकते नजर आए। यह मेला न केवल हस्तशिल्प और ग्रामीण उत्पादों का मंच बन रहा है, बल्कि समाज के सभी वर्गों को जोड़ने वाला एक प्रमुख मनोरंजन केंद्र भी साबित हो रहा है। इससे पूर्व, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी ने मेले के विभिन्न स्टालों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों के मनोरंजन के लिए लगाए गए झूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए और अधिकारियों को सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के स्वयं सहायता समूह द्वारा लगाए गए स्टाल पर जाकर पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखा और डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देते हुए ऑन लाइन माध्यम से भुगतान किया। उन्होंने व्यंजनों की प्रशंसा करते हुए मेले में आने वाले आगंतुकों से हिमाचल के पारंपरिक स्वाद का आनंद लेने का आग्रह किया। इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, विवेक सक्सेना, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, पीडी हिमांशु जोशी, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी के एस रावत, तहसीलदार दिनेश कुटौला, अधिशाषी अभियंता लघु सिंचाई सुशील कुमार, जिला अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी नंदनी तोमर सहित अनेक जन प्रतिनिधि, अधिकारी और भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *