Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

राम सिंह कैड़ा ने लिया ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा

धारी । उत्तराखंड के नवनियुक्त शहरी विकास और जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र के धारी और ओखलकांडा ब्लॉक के विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पिछले दो दिनों से हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। क्षेत्र में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य और जोरदार स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ओलावृष्टि की स्थिति को देखते हुए तत्काल जिलाधिकारी नैनीताल से वार्ता की और उन्हें प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व विभाग एवं कृषि अधिकारियों की टीम भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि के कारण क्षेत्र के किसानों की आड़ू, सेब, पुलम, नाशपाती और मटर की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं, जिससे काश्तकारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गांव-गांव जाकर नुकसान का सटीक आकलन किया जाए और बीमा कंपनियों के माध्यम से पीड़ित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिलाना सुनिश्चित किया जाए।अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैड़ा ओखलकांडा ब्लॉक के नाई, भीड़ापानी, नारतोला, हरीनगर, बेडचुला, सुनी, कटना, कोटला, गुरना, डलौज, जान सिमलकन्या, कचलाकोट और सुनकोट आदि गांवों में पहुंचे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए केंद्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भीमताल विधानसभा के मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि जनता के विश्वास की बदौलत ही उन्हें प्रदेश मंत्रिमंडल में सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे मोदी और धामी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।मंत्री ने क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वे राज्य की प्रगति के लिए अपनी पूरी ताकत लगा देंगे और विकास कार्यों को गति देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के कुशल नेतृत्व में भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर इतिहास रचेगी। इस अवसर पर भारी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, स्थानीय जन प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *