प्रधानमंत्री मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड को देंगे बड़ी सौगात
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के साथ कई बड़ी योजनाओं का होगा शिलान्यास
देहरादून (उद संवाददाता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड के दौरे पर आ सकते हैं, जिसे लेकर शासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस प्रस्तावित दौरे के दौरान प्रधानमंत्री देहरादून में दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे सहित राज्य की कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय से अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी होना शेष है, लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को इस संबंध में स्पष्ट संकेत दिए हैं। प्रधानमंत्री का यह दौरा पहले 4 अप्रैल को प्रस्तावित था, लेकिन अन्य राज्यों में चुनावी व्यस्तताओं के चलते इसे आगे बढ़ा दिया गया था। अब 14 अप्रैल को होने वाले इस कार्यक्रम में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे को जनता को समर्पित किया जाना सबसे प्रमुख है। लगभग 213 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण में 12 हजार करोड़ रुपये की लागत आई है। इसके शुरू होने से दिल्ली से देहरादून के बीच का सफर 5 घंटे से घटकर मात्र ढाई घंटे रह जाएगा। लोकार्पण समारोह को भव्य बनाने के लिए दिल्ली से लेकर देहरादून तक तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं, जिसमें मार्ग के सौंदर्यीकरण और लाइटिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एक्सप्रेस-वे के अलावा प्रधानमंत्री टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट का लोकार्पण भी करेंगे। साथ ही राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की योजना और चंपावत जिले में बनबसा लैंड पोर्ट परियोजना का शिलान्यास किए जाने की भी संभावना है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड आगमन सदैव राज्य के लिए लाभदायक सिद्ध होता है और हर बार वे विकास की नई सौगात देकर जाते हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस बार भी राज्य के विकास को इन बड़ी परियोजनाओं से नई गति मिलेगी। प्रशासन और संबंधित विभाग कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
