अवैध हथियारों के विरुद्ध पुलिस का महा अभियानः 6 दिन में 21 अभियुक्तों को सलाखों के पीछे भेजा
रूद्रपुर । ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशानुसार जनपद में अवैध शस्त्रों की तस्करी और सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन के खिलाफ चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अभियान के शुरुआती 6 दिनों के भीतर ही पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्यवाही करते हुए 19 मुकदमे दर्ज कर 21 अभियुक्तों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस की इस सख्त घेराबंदी से अपराधियों और अवैध असलहा रखने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।एसएसपी अजय गणपति द्वारा दिनांक 12 मार्च 2026 से शुरू किए गए इस अभियान के तहत 17 मार्च तक जनपद के विभिन्न थानों ने सराहनीय कार्य किया है। पुलिस टीमों ने अब तक कुल 31 अवैध तमंचे, 1 पिस्टल, 65 जिंदा कारतूस और 3 खोखा कारतूस बरामद किए हैं। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान अवैध शस्त्रों की बरामदगी के साथ-साथ उन लोगों पर भी कड़ी नजर रखने के लिए है जो सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो या वीडियो डालकर दहशत फैलाने या हवाई फायरिंग करने का प्रयास करते हैं।जनपद भर में हुई कार्यवाही के विवरण के अनुसार ट्रांजिट कैंप पुलिस ने सबसे बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए 3 मुकदमों में 4 अभियुक्तों को गिरफ्रतार कर उनके कब्जे से 11 तमंचे, एक पिस्टल और 30 कारतूस बरामद किए हैं। वहीं रूद्रपुर कोतवाली पुलिस ने 2 मुकदमों में 3 अभियुक्तों को गिरफ्रतार कर 6 तमंचे और 21 कारतूस बरामद किए। इसके अतिरिक्त जसपुर, कुंडा, काशीपुर, आईटीआई, बाजपुर, केलाखेड़ा, गदरपुर, दिनेशपुर, पंतनगर, किच्छा, सितारगंज और खटीमा कोतवाली पुलिस ने भी एक-एक अभियुक्त को गिरफ्रतार कर उनके कब्जे से अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।एसएसपी अजय गणपति ने जनपद की जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अवैध शस्त्रों का प्रयोग न करें और सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन जैसी गैर-कानूनी गतिविधियों से बचें। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी घटना की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नशे और हथियारों के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
