पुलिस ने कार से चार कट्टों में 54 किलो गांजा किया बरामद , तस्कर फरार
अल्मोड़ा। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत पुलिस टीमों की ओर से लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। भतरौंजखान पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक कार से 54 किलो गांजा बरामद किया। हालांकि गांजा तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।पुलिस टीम ने रामनगर रोड स्थित पीलीकोटी के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक स्विफ्ट कार डीएल-5-सीएफ-9911 को रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक कार को तेज रफ्रतार से भगा ले गया। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया। जिस पर चालक छोटी घठ्ठी तिराहे से करीब 100 मीटर पहले कार को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को चार कट्टों में कुल 54.378 किलो गांजा बरामद हुआ है। फरार तस्कर के विरुख थाना भतरौजखान में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस तस्कर की तलाश में जुट गई है। यहां पुलिस टीम में चौकी प्रभारी भिकियासैंण संजय जोशी, हेड कांस्टेबल आनंद त्रिपाठी, नारायण सिंह, कांस्टेबल गणेश दत्त शामिल रहे। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने कहा कि नशा तस्करों के विरुख जिलेभर में संघन अभियान जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।
