शराब माफियाओं पर पुलिस का चाबुक,जंगल में धधकती भट्टियां तोड़ी
रुद्रपुर/बाजपुर । जनपद में अवैध नशे के विरुद्ध वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत बाजपुर पुलिस ने कच्ची शराब के काले कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है। कोतवाली बाजपुर के अंतर्गत चौकी बरहनी पुलिस ने शराब माफियाओं के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध लाहन और भट्टियों को नष्ट कर दिया। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। चौकी बरहनी प्रभारी संदीप शर्मा को सूचना मिल रही थी कि बरहनी के जंगल क्षेत्र का लाभ उठाकर कुछ माफिया अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक होते ही पुलिस टीम ने शनिवार को जंगल में घेराबंदी कर दी। छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके पर कई भट्टिðयां धधकती हुई मिलीं, जिनके माध्यम से कच्ची शराब तैयार की जा रही थी। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए धधकती भट्टिðयों को ध्वस्त कर दिया और मौके पर ड्रमों में भरकर रखे गए हजारों लीटर लाहन को बहाकर नष्ट कर दिया। हालांकि, दुर्गम भौगोलिक स्थिति और जंगल का फायदा उठाकर अवैध कारोबार में लिप्त शराब तस्कर पुलिस की आहट पाते ही मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान भी चलाया। चौकी प्रभारी संदीप शर्मा ने बताया कि यह अभियान एसएसपी के उन सख्त निर्देशों का हिस्सा है जिसके तहत जिले को मादक पदार्थों और अवैध शराब से मुक्त बनाना है। उन्होंने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और माफियाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस के मुताबिक, शराब माफियाओं के खिलाफ यह दबिश भविष्य में भी अनवरत जारी रहेगी । इस सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी संदीप शर्मा के साथ सुरेंद्र बिष्ट और अन्य पुलिस कर्मी मुख्य रूप से शामिल रहे।
