Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पुलिस ने किया सुरेंद्र को गिरफ्तार : फर्जीवाड़ा कर यूकेएसएसएससी की सहकारी निरीक्षक भर्ती परीक्षा के लिए किए तीन आवेदन

देहरादून। पांच तरह से फर्जीवाड़ा कर यूकेएसएसएससी की सहकारी निरीक्षक भर्ती परीक्षा देने की कोशिश कर रहा मोदीनगर का सुरेंद्र शनिवार को गिरफ्तार हो गया। आरोपी ने अपनी उम्र कम दर्शाने के लिए दो बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। उसी आधार पर स्नातक की परीक्षा भी पास की। उसने परीक्षा के लिए तीन अलग अलग मोबाइल नंबर और अन्य जानकारियों के आधार पर तीन आवेदन किए थे। आरोपी के खिलाफ शुक्रवार को रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पांच अक्तबर को प्रस्तावित परीक्षा से पहले उसने देहरादून, टिहरी और हरिद्वार के परीक्षा केंद्रों के लिए आवेदन किया था। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि उसने किस तरह से ये सब कागजात फर्जी बनवाए इसे भी जांच में शामिल किया जा रहा है। आयोग के अधिकारियों ने एक अभ्यर्थी के आवेदन को संदिग्ध पाया था। इसकी एसओजी से जांच कराई गई तो पता चला कि मोदीनगर के गांव कनकपुर भोजपुर निवासी सुरेंद्र ने तीन बार आवेदन किया है। फर्जी प्रमाणपत्रों का उपयोग कर अलग-अलग केंद्रों से अपना रजिस्ट्रेशन कराया। उसने देहरादून के पते पर एक स्थायी प्रमाणपत्र भी बनवाया। यह भी फर्जी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *