February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी पर गोलियां चलाने वाले दोनों शूटरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

हरिद्वार। पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट में पेशी पर जा रहे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी पर अंधाधुंध गोलियां चलाने के आरोपी दोनों शूटरों को पुलिस ने खानपुर थाना क्षेत्र के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। हमलावरों से वारदात में इस्तेमाल किए गए तमंचे भी बरामद हो गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी सन्नी यादव उर्फ शेरा निवासी गुलजारपुर थाना काशीपुर (ऊधमसिंहनगर) ने पैसों के लेनदेन के विवाद में साथी अजय निवासी खरमासा कॉलोनी, काशीपुर के साथ विनय त्यागी की हत्या के इरादे से उस पर गोलियां चलाने की बात स्वीकार की है। सन्नी और अजय का आपराधिक इतिहास रहा है। वह काशीपुर में एक डकैती के मामले में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी सन्नी और विनय त्यागी के बीच पैसों के लेनदेन का विवाद है। सन्नी के रकम मांगने पर विनय त्यागी उसकी हत्या करवाने की धमकी दे रहा था। इसी बात से भड़के सन्नी ने विनय की हत्या की साजिश रची थी। वह लगातार विनय त्यागी की गतिविधियों पर नजर रख रहे हुए थे। विनय त्यागी के रुड़की कारागार में शिफ्ट होने के दौरान ही उन्हें उसके लक्सर में पेशी पर आने की जानकारी मिली थी। उन्होंने लक्सर-रुड़की मार्ग पर रेकी करने के बाद बुधवार को वारदात को अंजाम दिया।विनय को गोली मारने के बाद हमलावर बाइक लेकर फरार हुए थे लेकिन पुलिस की घेराबंदी के कारण उन्हें बाइक छोड़नी पड़ी। इसके बाद उन्होंने जंगल के रास्ते फरार होने का प्रयास किया। पुलिस ने कांबिंग के दौरान खानपुर थाना क्षेत्र में सिंकदरपुर गांव के पास जंगल में बिजनौर हाईवे के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र डोबाल ने बतया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *