पवनदीप राजन ने रूद्रपुर के सरस मेले में मचाई धूम ,पहाड़ी और फिल्मी गीतों पर झूमे दर्शक
रूद्रपुर । ऊधम सिंह नगर कार्निवल के तहत गांधी पार्क में आयोजित सरस आजीविका मेले की नौवीं शाम सुरों के नाम रही। इस ‘स्टार नाइट’ में इंडियन आइडल विजेता और बॉलीवुड के उभरते सितारे पवनदीप राजन ने अपनी मखमली आवाज से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। जैसे ही उन्होंने अपना प्रसिद्ध गीत ‘जो तुम न हो तो रहेंगे हम नहीं’ शुरू किया, वहां मौजूद हजारों प्रशंसकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। पवनदीप ने रोमांटिक बॉलीवुड नंबरों के साथ-साथ सांस्कृतिक गीतों की ऐसी झड़ी लगाई कि युवा उनके सुरों के सागर में गोते लगाते नजर आए। उन्होंने मेरी जन्मभूमि मेरो पहाड़ा,‘आई लव यू सयोनी’, ‘फिर मिलेंगे’, ‘फुर्सत’ और ‘तेरे नैना’ जैसे सुपरहिट गीतों से रात को यादगार बना दिया।इसी मंच पर उत्तराखंड के लोकप्रिय गायक इंदर आर्या ने अपनी बुलंद आवाज का जादू बिखेरा। उन्होंने एक के बाद एक बेहतरीन पहाड़ी और कुमाऊंनी गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। मेले में लोक संस्कृति और आधुनिक संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। संगीत की महफिल से पूर्व सरस मेला में खेल जगत की अद्भुत प्रतिभाओं का प्रदर्शन भी हुआ। युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित भारतीय पारंपरिक खेल मलखंभ में रूद्रपुर, सितारगंज और खटीमा के 45 बच्चों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। इनमें 13 बालिकाओं और 32 बालकों ने खंभे पर जिस तरह का संतुलन, लचीलापन और साहस दिखाया, उसे देखकर हर कोई दंग रह गया। इन बच्चों ने अपनी ऊर्जा और कड़े अनुशासन से खेल भावना का बेहतरीन उदाहरण पेश किया।इस भव्य सांस्कृतिक संध्या और खेल प्रदर्शन के दौरान जनपद के तमाम प्रशासनिक अधिकारी और जन प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, दायित्वधारी फरजाना बेगम, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, गुंजन सुखीजा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम और दीपेंद्र कोश्यारी ने शिरकत की। वहीं प्रशासनिक अमले से जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह, पंकज उपाध्याय, पीडी हिमांशु जोशी, डीडीओ सुशील मोहन डोभाल, गौरव पांडे, डॉ. अमृता शर्मा, सीडीओ केएस रावत, डॉ. आलोक शुक्ला, पीके दीक्षित, एएस नेगी, बीएस डांगी, दिनेश कुटौला और गिरीश त्रिपाठी उपस्थित रहे। मलखंभ प्रदर्शन के दौरान बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन, डीएमओ नंदिनी तोमर, लक्ष्मी चौहान, हरीश पिलखवाल, अमित पांडे, सूरज कुमार, डॉ. दीपक सरकार, डॉ. वीरेंद्र सिंह रौतेला और डॉ. राकेश चिलाना भी रहे।

