पैराग्लाइडरों ने आसमान में दिखाए हैरतअंगेज करतब: कपकोट में राष्ट्रीय एक्यूरेसी पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
कपकोट । बागेश्वर के कपकोट में आयोजित राष्ट्रीय एक्यूरेसी पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता में विभिन्न प्रांतों के पायलटों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। हवा में करतब दिखा रहे प्रतिभागियों को देख स्थानीय लोगों और पर्यटकों में भारी उत्साह नजर आया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी रहा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सटीक लैंडिंग और उत्कृष्ट उड़ान कौशल का परिचय दिया। जालेख से उड़ान भरने वाले पैराग्लाइडरों की रंग-बिरंगी छतरियों से कपकोट का आसमान सजा नजर आया, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस आयोजन के माध्यम से कपकोट क्षेत्र एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों से क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के लिए तकनीकी प्रशिक्षण सत्र और सुरक्षा संबंधी विशेष मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया, जिससे आयोजन का स्तर और अधिक पेशेवर रहा। इस प्रतियोगिता में कुल 92 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था, जिसमें से 78 पायलटों ने प्रतिभाग किया और 55 पायलटों ने चारों राउंड सफलतापूर्वक पूरे किए। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में स्थानीय प्रशासन, पर्यटन विभाग और आयोजन समिति की सराहनीय भूमिका रही। अब अगले दिन Úी फ्रलाइंग के साथ ही विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।

