Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

आवारा सांड के हमले में बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

हरिद्वार (उद संवाददाता)। धर्मनगरी के कनखल थाना क्षेत्र अंतर्गत जगजीतपुर में आवारा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार देर शाम को जगजीतपुर के मांगेराम की पुलिया के पास एक आवारा सांड ने सड़क किनारे खड़े एक बुजुर्ग पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 75 वर्षीय रामकिशन, निवासी जगजीतपुर के रूप में हुई है। रामकिशन सड़क किनारे सामान्य रूप से खड़े थे, तभी एक सांड ने पीछे से आकर उन पर अचानक हमला बोल दिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सांड ने बुजुर्ग पर इतनी जोर से हमला किया कि वे वह हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़े। सांड ने उन्हें उठाकर दोबारा पटक दिया, जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य अंगों में गंभीर चोटें आईं। घटना के वक्त मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने हिम्मत दिखाते हुए लाठी-डंडों के सहारे सांड को वहां से खदेड़ा और लहुलुहान बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। इस हृदयविदारक घटना के बाद जगजीतपुर इलाके के लोगों में जिला प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *