February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नर्सिंग स्टाफ ने खुद को लगाया मौत का इंजेक्शन,सुसाइड नोट बरामद

देहरादून(उद संवाददाता)। प्रेमनगर थानाक्षेत्र के कंडोली से बृहस्पतिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ ने अपने ही घर में आत्महत्या कर ली। मृतक के हाथ में कैनुला लगा मिला, जबकि बिस्तर पर एक शीशी, दो खाली सिरिंज और एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने कैनुला के माध्यम से जहर का इंजेक्शन चढ़ाकर अपनी जान दी। मृतक की पहचान 32 वर्षीय अशोक पुत्र प्रकाश चंद, निवासी भद्रकाली, कंडोली के रूप में हुई है। अशोक पिछले कई वर्षों से श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत था। बिधौली चौकी प्रभारी प्रवीण सैनी ने बताया कि अशोक के पिता प्रकाश चंद ने सूचना दी कि उनके बेटे ने घर में आत्महत्या कर ली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो अशोक अपने कमरे में बिस्तर पर मृत अवस्था में मिला। बाएं हाथ में कैनुला लगा था। कमरे से मोबाइल फोन, सुसाइड नोट, सिरिंज और एक शीशी बरामद की गई। फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलित किए गए। सुसाइड नोट में अशोक ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। उसने अपने मोबाइल और अन्य पासवर्ड लिखे हैं ताकि परिवार को आगे कोई परेशानी न हो। साथ ही अपने आत्मघाती कदम के लिए परिजनों से माफी मांगी है। उसने लिखा है पापा, मैंने आपका दिल दुखाया, मुझे माफ करना। मेरी मोटरसाइकिल का ध्यान रखना, उसे आप चलाना। अकाउंट से रुपये निकालकर बहन की शादी कर देना। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *