लाठी-डंडों से हमला कर युवक की हत्या, एक गंभीर
परिजनों का आरोप-धोखे से बुलाकर रची गई साजिश, यूपी पुलिस कर रही जांच
रुद्रपुर। चांदपुर रोड पर हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात में कुछ हमलावरों ने मिलकर एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि उसका एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है, वहीं घायल युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान रेशमबाड़ी निवासी 35 वर्षीय जहांगीर के रूप में हुई है, जो अपने साथी हरीश चौहान के साथ मोटरसाइकिल से चांदपुर रोड, शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों को किसी व्यक्ति के कहने पर वहां बुलाया गया था। परिजनों का आरोप है कि जैसे ही जहांगीर और हरीश चांदपुर रोड पर पहुंचे, कुछ अज्ञात लोगों ने पहले से घात लगाए बैठे थे। उन्होंने दोनों को घेर लिया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। हमले में जहांगीर के हाथ-पैर टूट गए और सिर पर भी गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान जब आसपास के लोगों ने शोर-शराबा सुना और घटनास्थल की ओर दौड़े, तो हमलावर वहां से फरार हो गए। इसके बाद घायल अवस्था में दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जहांगीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं हरीश की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि जहांगीर को धोखे से किसी बहाने चांदपुर बुलाया गया और पहले से सुनियोजित साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी गई। क्योंकि यह मामला उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र का है, इसलिए वहां की स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर छानबीन कर रही है। जहांगीर की मौत से उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी फुटेज भी ऽंगालने शुरू कर दिए हैं।
