Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दिशा की बैठक में सांसद अजय भट्ट ने अधिकारियों को दी सख्त हिदायतें

हल्द्वानी। जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति दिशा की बैठक में अध्यक्ष एवं सांसद अजय भट्ट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा और गुणवत्तापूर्ण कार्य के साथ पूरा किया जाए, ताकि आम जनता तक इन योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुँच सके। सर्किट हाउस काठगोदाम में आयोजित बैठक में सांसद भट्टð ने विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि दिशा की बैठकों की मॉनिटरिंग केंद्र सरकार द्वारा की जाती है, इसलिए अधिकारी कार्यों को गंभीरता के साथ, आपसी समन्वय बनाकर और समयबद्ध तरीके से पूरा करें। बैठक में पीएमजीएसवाई, लोक निर्माण विभाग, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, समग्र शिक्षा, रोपवे परियोजना, प्रधानमंत्री मत्स्य योजना और पीएम सूर्यघर योजना सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। जनपद में जल जीवन मिशन के कार्यों पर सांसद अजय भट्टð ने कड़ी नाराजगी जताई। भीमताल के ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में नल तो लगा दिए गए हैं, लेकिन नलों में पानी उपलब्ध नहीं है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर सांसद भट्टð ने जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तत्काल बैठक बुलाने के निर्देश दिए और कहा कि जहां स्रोत ही नहीं थे, वहां कनेक्शन दे देना गंभीर लापरवाही है, जिसकी जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी। हल्द्वानी की ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ ने बताया कि शहर में जेजेएम के तहत सड़कों को खोद दिया गया है, जिससे आवागमन बाधित है। सांसद के सवाल पर जेजेएम के नोडल अधिकारी विशाल सक्सेना ने बताया कि सड़क मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को 60 प्रतिशत धनराशि जारी कर दी गई है। एलडीए अधिकारियों ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया जारी है और शीघ्र मरम्मत कार्य प्रारंभ किया जाएगा। पर्वतीय क्षेत्रों के सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी पर सांसद भट्ट ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सीएमओ को निर्देश दिए कि शीघ्र डॉक्टरों की तैनाती, तकनीकी स्टाफ और उपकरणों की आवश्यकता संबंधी प्रस्ताव भेजे जाएँ। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों को रोटेशन के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों में भेजा जाए तथा प्रदेश सरकार जल्द ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती कर रही है। जिला विकास प्राधिकरण की समीक्षा के दौरान सांसद भट्ट ने सचिव को निर्देश दिए कि भवन मानचित्र स्वीकृति हेतु नियमित कैंप लगाए जाएँ और जनता की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। पिछली बैठक में भीमताल ब्लॉक भवन में वर्षा के दौरान पानी टपकने की आपत्ति पर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने मरम्मत तो कर दी, लेकिन सत्यापन नहीं कराया। इस पर सांसद ने नाराजगी जताते हुए जांच के आदेश दिए। बीएसएनएल अधिकारियों ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में 90 प्रतिशत नेटवर्क समस्याओं का समाधान कर लिया गया है। नए टावर लगाने का सर्वे भी जारी है। सांसद भट्ट ने निर्देश दिए कि ओखलकांडा क्षेत्र में नेटवर्क समस्या का तत्काल समाधान किया जाए और शीघ्र बीएसएनएल की अलग बैठक आयोजित की जाए। शिक्षा विभाग समीक्षा में सांसद ने डॉनपरेबा क्षेत्र के एक विद्यालय का मामला उठाया, जिसका ध्वस्तीकरण एक वर्ष पूर्व किया गया, पर अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। खेल विभाग की समीक्षा में सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 32 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। सांसद ने मोतीनगर और हरिपुर बच्ची क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त फेंसिंग को लेकर चिंता व्यक्त की और प्रभागीय वनाधिकारी को शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा धरमवाल, विधायक सरिता आर्या, राम सिंह कैड़ा, ब्लॉक प्रमुख भीमताल हरीश बिष्ट, ओखलकांडा के डी. रूवाली, रामगढ़ के दीप कुमार, हल्द्वानी की मंजू गौड़ सहित जिलाधिकारी ललित मोहन रायल, डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी, प्राधिकरण सचिव विजय नाथ शुक्ल तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *