16वीं बार देवभूमि पधारे मोदी : सभा में अभूतपूर्व भीड़ ने तोड़े सारे रिकार्ड
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती पर रविवार को वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में आयोजित समारोह में भारी जनसैलाब उमड़ा। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे लोगों की संख्या एक लाख से अधिक आंकी गई, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे अधिक भीड़ वाला आयोजन माना जा रहा है। सुबह से ही लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक झलक पाने के लिए कार्यक्रम स्थल की ओर अग्रसर थे। भीड़ की यह संख्या प्रारंभिक अनुमान से कहीं अधिक थी। लोग लंबी कतारों में खड़े होकर प्रवेश कर रहे थे और सुरक्षा जांच के बाद ही अंदर प्रवेश की अनुमति मिल रही थी। कार्यक्रम स्थल पर प्रशासनिक व्यवस्था भी कड़ी रही। पुलिस और सुरक्षा बलों ने प्रवेश द्वारों पर गहन जांच सुनिश्चित की और भीड़ के नियंत्रित निष्क्रमण के लिए विशेष प्रबंध किए गए। भीड़ की विशालता और उत्साह ने कार्यक्रम स्थल को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया। लोग दूर-दूर से आए थे और उन्होंने अपने परिवार और मित्रें के साथ स्थल पर मौजूद होकर इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने की कोशिश की। बता दें प्रधानमंत्री अपने कार्यकाल के 11 वर्षों में 16वीं बार देवभूमि पधारे हैं। अपने हर दौरे में उन्होंने उत्तराखंड को नए शिखर पर ले जाने का संकल्प दोहरा कर अनेक विकास योजनाओं की सौगात दी हैं। राज्य को अब तक मिल चुकी एक लाख करोड़ से अधिक की विकास योजनाएं इसका उदाहरण है।

