एसडीएम कोर्ट में धरने पर बैठे विधायक सुमित
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। उपजिलाधिकारी कोर्ट परिसर में लंबे समय से न्यायिक कार्य ठप रहने के विरोध में सोमवार को विधायक सुमित हृदयेश और पार्षद रवि जोशी ने धरना दिया। व्यवस्था से नाराज दोनों जनप्रतिनिधि कोर्ट परिसर के भीतर ही जमीन पर बैठकर अपना विरोध जताते नजर आए। विधायक और पार्षद के इस अचानक धरने से प्रशासनिक खेमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, पूर्व उपजिलाधिकारी राहुल शाह के स्थानांतरण के बाद से ही हल्द्वानी एसडीएम कोर्ट का संचालन नियमित रूप से नहीं हो पा रहा है। न्यायालय में किसी स्थाई अधिकारी की नियुक्ति न होने के कारण न सिर्फ वकीलों का काम प्रभावित हो रहा है, बल्कि दूर-दराज से आने वाली आम जनता को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। न्यायिक कार्य बाधित होने से सैकड़ों मामलों की सुनवाई लंबित पड़ी है, जिससे वादकारियों की चिंता बढ़ती जा रही है।धरने के दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने मौके से ही कुमाऊं कमिश्नर और जिलाधिकारी वंदना सिंह से फोन पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को हल्द्वानी कोर्ट के हालातों से अवगत कराते हुए कहा कि जनता के महत्वपूर्ण कार्य रुके हुए हैं, इसलिए हल्द्वानी में शीघ्र ही नए एसडीएम की तैनाती की जाए। विधायक के कड़े रुख को देखते हुए जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि हल्द्वानी में जल्द ही नए उपजिलाधिकारी की नियुक्ति कर दी जाएगी, ताकि कोर्ट का कामकाज सुचारू रूप से संचालित हो सके। आश्वासन मिलने के बाद जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को चेताया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
