विधायक शिव अरोरा ने अधिकारियों संग रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण
रुद्रपुर। निर्माणाधीन रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण करते हुए विधायक शिव अरोरा ने अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसकी कक्षाएँ 2026 तक प्रारंभ होंगी। इसके अलावा, अगले माह दिसम्बर में यहाँ 50 एमबीबीएस डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। विधायक शिव अरोरा ने बताया कि 2022 में वे विधायक बने और उसी समय से रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत और स्वास्थ्य सचिव के साथ लगातार बैठकें और वार्ता के परिणामस्वरूप निर्माण कार्य अब तेज गति से चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं समय-समय पर निर्माण की समीक्षा कर रहे हैं और उन्होंने कई बार सार्वजनिक रूप से यह आश्वासन दिया है कि मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस कक्षाएँ 2026 में शुरू होंगी। स्थलीय निरीक्षण के दौरान विधायक ने कॉलेज के प्राचार्य गोविंद कुमार, पेयजल विभाग के अधिशासी अभियंता, कार्यदायी संस्था के इंजीनियर और साइट कर्मचारियों के साथ एडमिन ब्लॉक, कार्यालय, कक्षा परिसर, होस्टल और लैब ब्लॉक का दौरा किया। कार्यदायी संस्था ने विधायक को मेप के माध्यम से निर्माण की प्रगति की जानकारी दी और बताया कि सभी ब्लॉक्स अपने अंतिम चरण में हैं। विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण कार्य एनएमसी ;नेशनल मेडिकल काउंसिलद्ध में रजिस्ट्रेशन करवाना है, जिसकी अवधि दिसम्बर 2025 में पूरी होगी। इसके बाद जून 2026 में सर्वे आएगा, जो मेडिकल कॉलेज शुरू करने की दिशा में निर्णायक कदम होगा। इसके लिए सभी तैयारियाँ पूरी की जा चुकी हैं और इसी वजह से निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। उन्होंने बताया कि हॉस्पिटल परिसर की बिल्डिंग पहले ही बन चुकी है और इसमें 245 नर्सों की नियुक्ति पहले ही हो चुकी है। दिसम्बर के दूसरे सप्ताह में 50 एमबीबीएस डॉक्टरों की नियुक्ति भी कर दी जाएगी, जिनमें एमडी और एमबीबीएस डॉक्टर शामिल होंगे। साथ ही, मेडिकल कॉलेज में आवश्यक मशीनरी भी इंस्टॉल की जा चुकी है, जिनके शिलान्यास विधायक शिव अरोरा ने स्वयं पहले किया था। विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण का अंतिम चरण अब भीतर क्षेत्र में पहुँच गया है और फिनिशिंग कार्य जारी है। 4 दिसम्बर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रुद्रपुर का दौरा करेंगे और निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण करेंगे। इससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार और मुख्यमंत्री इस मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर कितने गंभीर हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण से जिले के बच्चे एमबीबीएस की शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे और हॉस्पिटल परिसर में रुद्रपुर और ऊधम सिंह नगर जिले के निर्धन व गरीब लोग बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ प्राप्त कर पाएंगे। विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उनके लगातार प्रयास अब धरातल पर नजर आ रहे हैं। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य गोविंद कुमार, पेयजल अधिशासी अभियंता नवीन नवानी, बंगाली महासभा प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार शाह, पार्षद निमित्त शर्मा, मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल, जितेंद्र संधू, शंकर विश्वास, राधेश शर्मा, किरण विर्क, मयंक कक्कड़, मनोज मदान, आदेश भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
