February 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

विधायक अरविंद पांडे की राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात, सियासी हलचल तेज

नई दिल्ली।गदरपुर के विधायक अरविंद पांडे ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के बाद प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच लगभग 30 मिनट तक संगठनात्मक मुद्दों, क्षेत्रीय राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। राजनीतिक सूत्रें के अनुसार, एक माह के भीतर विधायक पांडे और राष्ट्रीय नेतृत्व के बीच यह दूसरी मुलाकात है, जिससे इस बैठक के विशेष महत्व के कयास लगाए जा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संगठनात्मक मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति और क्षेत्रीय संतुलन जैसे विषय बातचीत के केंद्र में रहे हो सकते हैं। इससे एक दिन पहले प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी गदरपुर पहुंचकर विधायक पांडे के आवास पर मिले थे। दोनों नेताओं के बीच करीब 30 मिनट तक बंद कमरे में चर्चा हुई थी। पार्टी सूत्रें का कहना है कि प्रदेश संगठन से जुड़े संदेश और जमीनी फीडबैक को लेकर यह बैठक महत्वपूर्ण रही। हालांकि विधायक अरविंद पांडे ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से हुई मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे संगठनात्मक समन्वय और क्षेत्रीय समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। स्थानीय स्तर पर भी इस मुलाकात को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्सुकता और चर्चा बनी हुई है। बताया जा रहा है कि विधायक पांडे फिलहाल दिल्ली में ही मौजूद हैं और पार्टी नेतृत्व के साथ आगे की बैठकों की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मुलाकात के राजनीतिक संकेत और अधिक स्पष्ट हो सकते हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं संग रेल मंत्री से मिले अरविंद पांडे
नई दिल्ली/उधम सिंह नगर। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के बाद गदरपुर के विधायक अरविंद पांडे ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी भेंट की। रेल भवन, नई दिल्ली में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में जनपद उधम सिंह नगर के रेलवे परिसरों में छोटे दुकानदारों और कारोबारियों पर बढ़ाए गए किराये का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। विधायक पांडे ने बताया कि काशीपुर, बाजपुर, गूलरभोज, किच्छा, बनबसा और टनकपुर रेलवे परिसरों में संचालित छोटी दुकानों का किराया हाल ही में रेलवे विभाग द्वारा कई गुना बढ़ा दिया गया था। अचानक हुई इस बढ़ोतरी से स्थानीय दुकानदारों और छोटे व्यापारियों में रोष और चिंता का माहौल था। कई व्यापारियों ने इसे आजीविका पर सीधा असर बताते हुए जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप की मांग की थी। इसी क्रम में रेल मंत्री से मुलाकात के दौरान गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष विस्तार से पूरा मामला रखा और बताया कि किराया वृद्धि की दर असंगत है, जिससे छोटे कारोबारी आर्थिक संकट में आ सकते हैं। बैठक में विधायक पांडे ने आग्रह किया कि पूर्व निर्धारित किराया दरों पर ही अधिकतम 5 से 10 प्रतिशत तक की सीमित वृद्धि की जाए, ताकि रेलवे की आय भी प्रभावित न हो और छोटे दुकानदारों पर अतिरिक्त बोझ भी न पड़े। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को पूरे प्रकरण की पुनः समीक्षा को कहा गया है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए संतुलित निर्णय लिया जाएगा। विधायक अरविंद पांडे ने इसे जनहित की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि क्षेत्र के छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने जनपद उधम सिंह नगर की जनता की ओर से रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही दुकानदारों को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *