पटाखों के गोदाम में लाखों की चोरी
डीवीआर और कैमरे तोड़कर खेतों में फेंके, पुलिस कर रही जांच
रुद्रपुर। दीपावली से पहले चोरों ने पटाखा कारोबारी को बड़ा झटका देते हुए लाखों रुपये का माल और नकदी चोरी कर ली। घटना बीती रात की है जब महाराजपुर गांव में स्थित पटाखों के गोदाम को चोरों ने निशाना बनाया। वारदात की जानकारी सुबह होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराजपुर निवासी नीरज कुमार का गांव में ही अमन क्रैकर के नाम से पटाखों का गोदाम है। नीरज पटाखों के थोक व्यापारी हैं और दीपावली के चलते गोदाम में लाखों रुपये की कीमत का माल स्टोर किया गया था। बीती रात करीब 9 बजे नीरज गोदाम बंद कर अपने घर लौटे थे। सुबह लगभग साढ़े सात बजे गांव के कुछ लोगों ने उन्हें सूचना दी कि गोदाम के ताले टूटे हुए हैं और शटर खुला पड़ा है। जब नीरज मौके पर पहुंचे तो देखा कि गल्ले में रखी लगभग 25,000 से 30,000 की नगदी गायब थी। साथ ही करीब तीन लाख रुपये के पटाखे भी चोर उठा ले गए थे। इतना ही नहीं, चोरों ने गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और डीवीआर सिस्टम को भी क्षतिग्रस्त कर खेतों में फेंक दिया ताकि कोई सुराग न मिल सके। इसके अलावा आग बुझाने के तीन सिलेंडर भी चोर अपने साथ ले गए। अनुमान है कि चोरी गए माल की कुल कीमत करीब चार लाख रुपये के आसपास है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का मुआयना किया। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज के अवशेषों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच में जुटी है। व्यापारी की ओर से मामला दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। त्योहारी सीजन में इस तरह की बड़ी चोरी से स्थानीय व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है। व्यापारी वर्ग ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की मांग की है।
