Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सुनी जनसमस्याएं : छह लोगों से प्लॉट और विला के नाम पर करीब 6 करोड़ रुपये की ठगी

हल्द्वानी । शनिवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जनता की शिकायतों पर त्वरित और कड़ी कार्यवाही की। जनसुनवाई में मुक्तेश्वर क्षेत्र में बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया, जिसमें हिलक्रस्ट एवं शिखर प्रॉपर्टीज के बिल्डर मनोज जोशी द्वारा छह लोगों से प्लॉट और विला के नाम पर करीब 6 करोड़ रुपये की ठगी की गई। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि बिल्डर ने स्टांप पेपर पर मार्च 2025 तक नक्शे के साथ भवन देने का वादा किया था, लेकिन आज तक न तो नक्शा पास हुआ और न ही कोई औपचारिकता पूरी की गई। आयुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए मनोज जोशी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने और प्राधिकरण के जेई को क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कंपनी की भूमि स्वामित्व की जांच करने के निर्देश दिए।आयुक्त ने मुक्तेश्वर क्षेत्र में होम स्टे के नाम पर बनाई जा रही बहुमंजिला इमारतों और होटलों को भू-कानून का घोर उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि सील होने के बाद भी यदि अवैध निर्माण जारी रहता है, तो इसके लिए प्राधिकरण के जेई की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने अवैध निर्माणों की वीडियोग्राफी कराने और वर्ष 2022 के बाद बने सभी भवनों के अभिलेखों की जांच कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। साथ ही, कार्य में लापरवाही बरतने पर संबंधित जेई का स्पष्टीकरण भी तलब किया। हल्द्वानी शहर में इंडेन गैस सेवा द्वारा कम वजन के सिलेंडर देने और गैस की कालाबाजारी की शिकायतों पर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए केएमवीएन के एमडी को तत्काल कार्यवाही करने और सप्ताह में दो बार औचक निरीक्षण व छापेमारी के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान भवाली के नागरी गांव में वन भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बनाने का मामला भी आया, जिस पर आयुक्त ने वन भूमि पर बने अवैध मकान को ध्वस्त करने और सरकारी भूमि बेचने व कब्जा करने वालों के खिलाफ लैंड ग्रैबिंग के तहत मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। एक अन्य मामले में, पारिवारिक विवाद के कारण लापता चल रहे बनभूलपुरा निवासी फरजाना के पति को पुलिस ने आयुक्त के निर्देश पर ढूंढकर उनके सुपुर्द किया, जिस पर महिला ने आभार व्यक्त किया। आयुक्त ने जमीन खरीदने वाले लोगों से अपील की कि वे रजिस्ट्री के तुरंत बाद भूमि की चाहरदीवारी अवश्य कराएं ताकि धोखाधड़ी से बचा जा सके। जनसुनवाई में राजकीय शिक्षक संघ ने महिलाओं को चाइल्ड केयर लीव देने, सतीश चंद्र जोशी ने पैतृक संपत्ति की पैमाइश और अन्य लोगों ने अतिक्रमण हटाने के अनुरोध किए, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि पर्वतीय क्षेत्रों में बेतरतीब प्लाटिंग पर्यावरण के लिए खतरा है और इसे रोकने के लिए सचिव विकास प्राधिकरण को सख्त नीति लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली निवासी समीम के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *