हैदराबाद में हुई 5 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, रुद्रपुर-बिलासपुर बॉर्डर पर नेपाल भाग रहे तीन आरोपी दबोचे
आईपीएस अधिकारी की सूचना पर आधी रात मैदान में उतरे एसएसपी अजय गणपति, रुद्रपुर-बिलासपुर बॉर्डर पर चलाया गया विशेष अभियान
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। हैदराबाद में करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी की सनसनीखेज वारदात के आरोपियों को पकड़ने के लिए उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। चोरी की घटना के बाद नेपाल भागने की फिराक में जुटे नेपाली मूल के तीन आरोपियों को बिलासपुर क्षेत्र में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार हैदराबाद में हुई बड़ी ज्वेलरी चोरी के बाद तेलंगाना के एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने देर रात ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से संपर्क कर महत्वपूर्ण सूचना साझा की। सूचना में बताया गया कि चोरी में शामिल नेपाली मूल के आरोपी उत्तराखण्ड के रास्ते नेपाल भागने की तैयारी में हैं और किसी भी समय सीमा पार कर सकते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने देर रात स्वयं मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने तत्काल एसओजी और पुलिस टीमों को सक्रिय करते हुए रुद्रपुर-बिलासपुर सीमा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान शुरू कराया। पूरे अभियान की निगरानी एसएसपी अजय गणपति स्वयं कर रहे थे और लगातार टीमों के संपर्क में बने हुए थे। चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध बस की सूचना मिली, जिसे रोककर गहन तलाशी और सत्यापन की कार्रवाई की गई। जांच के दौरान बस में सवार नेपाली मूल के तीन संदिग्धों की गतिविधियां संदेहास्पद पाई गईं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें चिन्हित कर लिया और उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद स्थित बिलासपुर क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में आरोपियों का संबंध हैदराबाद की करोड़ों रुपये की ज्वेलरी चोरी से जुड़ा पाया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किए गए बहुमूल्य आभूषण भी बरामद कर लिए गए। बस उत्तर प्रदेश की सीमा में रोकी गई थी, इसलिए बरामदगी और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जिम्मेदारी बिलासपुर पुलिस द्वारा पूरी की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई अंतर्राज्यीय समन्वय, त्वरित सूचना आदान-प्रदान और प्रभावी पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है। समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो आरोपी नेपाल सीमा पार कर सकते थे, जिससे मामले के खुलासे में कठिनाई उत्पन्न हो सकती थी। इस सफल अभियान में रुद्रपुर पुलिस, एसओजी टीम और रामपुर पुलिस की संयुक्त भूमिका रही। पुलिस की तत्परता से करोड़ों रुपये मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद होने के साथ ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे एक बड़े आपराधिक मामले का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।

