जांच एजेंसी ने मौलाना आसिम कासमी और सहयोगी को घंटों पूछताछ के बाद छोड़ा,मोबाइल-लैपटॉप किए जब्त
तल्लीताल में मस्जिद के इमाम मौलाना मो नईम से भी हुई पूछताछ
हल्द्वानी। केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम ने हल्द्वानी के बनभूलपुरा में बिलाली मस्जिद के मौलाना मोहम्मद आसिम कासमी और उनके एक सहयोगी को हिरासत में लेकर कई घंटों तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद देर रात दोनों को रिहा कर दिया गया। हालांकि जांच टीम ने मौलाना का मोबाइल फोन और लैपटॉप अपने कब्जे में ले लिया है। सूत्रें के अनुसार मौलाना पर देश विरोधी संगठनों से संपर्क होने का संदेह था, जिसके आधार पर शुक्रवार देर रात दोनों को हिरासत में लिया गया था। जांच एजेंसी की टीमें रात भर उनसे पूछताछ करती रहीं और कई तकनीकी डेटा की जानकारी भी ली गई। सूत्रें का कहना है कि एजेंसी डिजिटल डेटा और संभावित संपर्कों की गहन जांच कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। पूछताछ के बाद बाहर आने पर मौलाना मोहम्मद आसिम कासमी ने स्वीकार किया कि उनसे पूछ्ताछ हुई है, हालांकि उन्होंने किसी भी गलत गतिविधि से खुद को अलग बताया। एजेंसी ने यह भी संकेत दिए हैं कि जांच आवश्यकता पड़ने पर मौलाना और उनके सहयोगी को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। वहीं दूसरी तरफ हल्द्वानी के बनभूलपुरा से पुलिस की ओर से दो संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद नैनीताल में भी पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस की ओर से तल्लीताल में मस्जिद के इमाम मौलाना मो नईम से भी पूछताछ की गई है। सूत्रें के अनुसार हल्द्वानी में दो संदिग्धों को पकड़ने के बाद नैनीताल से भी गिरफ्तार लोगों का संबंध तलाशा जा रहा है। जिसके चलते नैनीताल पुलिस सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक तल्लीताल मस्जिद के इमाम से गुप्त रूप से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार युवक इमाम का रिश्तेदार है। वही, पुलिस, स्वान दल व एलआईयू की टीमें भी तल्लीताल मस्जिद क्षेत्र में छानबीन कर रही है। क्षेत्र में निरीक्षण व इमाम से पूछताछ से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर और गिरफ्तारी भी की जा सकती है।
