Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दुर्गम क्षेत्रों में फाइबर और वाईफाई से मिलेगी इंटरनेट कनेक्टिविटी

देहरादून । सचिवालय में बुधवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में राज्य ब्रॉडबैंड समिति की नौवीं बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश के भीतर इंटरनेट कनेक्टिविटी से संबंधित विभिन्न चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई और मुख्य सचिव द्वारा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि जिन दुर्गम क्षेत्रों में सड़क मार्ग की सुविधा नहीं है, वहां 4जी उपकरण पहुंचाने के इंतजार के बजाय फाइबर केबल बिछाकर या वाईफाई के माध्यम से जल्द से जल्द इंटरनेट पहुंचाया जाए।मुख्य सचिव ने सभी पंचायत भवनों को भारतनेट कनेक्टिविटी सुविधा से संतृप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां पंचायत भवन निर्माणाधीन हैं, वहां विकल्प के तौर पर पास के सरकारी भवनों जैसे प्राथमिक विद्यालयों या आंगनवाड़ी केंद्रों में अस्थायी रूप से इंटरनेट उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पंचायत भवनों के निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया। राज्य सरकार के आरओडब्ल्यू पोर्टल की जिम्मेदारी अब आईटीडीए संभालेगा। मुख्य सचिव ने पेयजल, बिजली और गैस जैसे उन सभी विभागों को निर्देश दिए जो सड़कों की खुदाई कर भूमिगत लाइनें बिछाते हैं, वे अपने सिस्टम को शीघ्र आरओडब्ल्यू पोर्टल के साथ एकीकृत करें।बैठक के दौरान कनेक्टिविटी सैचुरेशन की प्रगति की मासिक रिपोर्ट सचिव सूचना प्रौद्योगिकी को अनिवार्य रूप से सौंपने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि स्ट्रीट फर्नीचर मैपिंग के कार्य में गति लाई जाए और यदि इस प्रक्रिया में कोई समस्या आती है तो संबंधित सचिव स्तर पर वार्ता कर उसका तत्काल निराकरण किया जाए। उन्होंने जनपद स्तरीय समितियों की बैठकें भी निर्धारित समय सीमा के भीतर आयोजित करने को कहा। टेलीकॉम कंपनियों को सख्त निर्देश देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में कॉल ड्रॉप की समस्या को तुरंत सुधारा जाए। पूरे प्रदेश में ऐसे ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जाएं जहां मोबाइल नेटवर्क बाधित होता है। आगामी यात्रा सीजन को देखते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सभी यात्रा मार्गों पर स्थायी टावर लगने तक अस्थायी मोबाइल टावर लगाकर निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाए। बैठक में सचिव नितेश कुमार झा, सी रविशंकर, केंद्रीय दूरसंचार विभाग के अधिकारी, बीएसएनएल और निजी मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *