Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

ऋषिकेश के होटल में अवैध कैसिनो का भंडाफ़ोड़,पूरी चौकी निलंबित

एसएसपी की छापेमारी से हड़कंप, 40 के खिलाफ मुकदमा
ऋषिकेश (उद संवाददाता)। तीर्थनगरी ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र में पुलिस ने देर रात एक होटल पर छापेमारी कर बड़े स्तर पर चल रहे अवैध कैसिनो का भंडाफोड़ किया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई ने न केवल जुआरियों, बल्कि स्थानीय पुलिस प्रशासन में भी खलबली मचा दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने कर्तव्य पालन में लापरवाही बरतने पर पूरी आईडी पीएल चौकी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस हाईप्रोफाइल मामले में पुलिस ने कुल 40 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को गोपनीय सूचना मिली थी कि आईडीपीएल क्षेत्र स्थित होटल नवरंग में महानगरों की तर्ज पर अवैध कैसिनो संचालित किया जा रहा है। सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस बल के साथ होटल में अचानक छापा मारा गया। पुलिस की दस्तक होते ही होटल के भीतर हड़कंप मच गया और जुआ खेल रहे लोग इधर-उधर भागने लगे। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और मौके से कई लोगों को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि कैसिनो में माहौल बनाने के लिए बाहर से युवतियों को भी बुलाया गया था, जिन्हें पुलिस ने अपनी जांच के दायरे में लिया है। ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि होटल नवरंग में छापा मारकर अवैध कैसिनो की गतिविधियों को पकड़ा गया है। मौके से भारी मात्र में नकदी, कैसिनो चिप्स और अन्य सामग्री बरामद की गई है। पकड़े गए लोगों में कई रसूखदार और बाहरी क्षेत्रें के लोग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। वहीं, इस मामले में सबसे बड़ी गाज आईडीपीएल चौकी पर गिरी है। एसएसपी ने माना कि इतने बड़े स्तर पर अवैध गतिविधि क्षेत्र में चल रही थी और स्थानीय चौकी को इसकी भनक तक नहीं थी, जो घोर लापरवाही और मिलीभगत की ओर इशारा करती है। इसके चलते पूरी चौकी को सस्पेंड कर दिया गया है। एसएसपी की इस सख्त कार्रवाई से अपराध जगत के साथ-साथ पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *