Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

आईजी ने जनपदों के पुलिस प्रभारियों के साथ की कानून-व्यवस्था और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा

रुद्रपुर । पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र रिद्धिम अग्रवाल ने शनिवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में परिक्षेत्रीय मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया। बैठक में कुमाऊं के सभी जनपदों के पुलिस प्रभारियों के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। आईजी ने लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में देरी पर कड़ा रुख अपनाते हुए वर्ष 2015 से पूर्व के एनडीपीएस मामलों और पुलिस थानों में खड़े लावारिस वाहनों के शीघ्र विधिक निस्तारण के निर्देश दिए। आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने लैंड Úॉड और अन्य गंभीर अपराधों की विवेचना में पारदर्शिता बरतने पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेश या बिना संस्तुति दर्ज अभियोगों में अंतिम रिपोर्ट की वैधानिकता की बारीकी से जांच की जाए। ऑपरेशन स्माइल के तहत लापता व्यक्तियों की बरामदगी के लिए तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग और वांछित व इनामी अपराधियों की गिरफ्रतारी हेतु सघन अभियान चलाने को कहा गया। साथ ही गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस के तहत अपराधियों की संपत्ति जब्तीकरण की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। पुलिसिंग के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए आईजी ने बीट पुलिसिंग को मुख्य स्तंभ बताया। उन्होंने बीट आरक्षियों को अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण, नागरिकों से सीधा संवाद और सत्यापन की कार्यवाही को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त केस ऑफिसर स्कीम के तहत न्यायालयों में लंबित महत्वपूर्ण प्रकरणों की प्रभावी पैरवी करने को कहा गया, ताकि दोषियों को जल्द सजा मिल सके। बैठक में पीड़ित प्रतिकर योजनाओं और पुलिस कर्मियों के कल्याण से जुड़े विषयों जैसे ऑनलाइन एसीआर और चिकित्सा प्रतिपूर्ति की भी समीक्षा की गई। गोष्ठी में एसएसपी नैनीताल डॉ. मन्जूनाथ टीसी, एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति, एसएसपी अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोड़के, एसपी पिथौरागढ़ अक्षय प्रहलाद कोंडे, एसपी चम्पावत रेखा यादव, एसपी बागेश्वर जितेन्द्र कुमार मेहरा और एसपी अपराध ऊधमसिंहनगर जितेन्द्र सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे। आईजी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए पुलिस की छवि को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *