February 10, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग,लाखों की क्षति

देहरादून (उद संवाददाता)। थाना क्लेमेनटाउन क्षेत्र के अंतर्गत सुभाष नगर में बीती देर रात एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद लगभग 30 हजार लीटर पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाया। समय रहते हुई कार्रवाई से आसपास के रिहायशी मकान आग की चपेट में आने से बच गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार सुभाष नगर के प्रताप मार्ग स्थित नरेंद्र कुमार के टेंट हाउस के सामान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे पास के घरों की ओर बढ़ने लगी थीं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई थी। आग की गंभीरता को देखते हुए मुख्य फायर स्टेशन से अतिरिक्त दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया। टेंट हाउस में रखी लकड़ी की मेजें, बर्तन, मैट, रजाई-गद्दे और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग बार-बार भड़क रही थी।फायर यूनिटों ने घेराबंदी कर आग को चारों ओर से बुझाना शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।फायर स्टेशन ऑफिसर किशोर उपाध्याय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीम नुकसान का आकलन कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *