रेस्टोरेंट में भीषण आग,लाखों का नुकसान
हल्द्वानी(उद संवाददाता)।शहर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में बीती देर रात एक रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते पूरा रेस्टोरेंट आग की चपेट में आ गया और लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। रेस्टोरेंट स्वामी ने बताया कि उनके प्रतिष्ठान के पास लगे बिजली के पोल से देर रात अचानक तेज स्पार्किंग हुई, जिससे आग ने रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग को कई बार पोल पर लटके ढीले तारों और खराब कनेक्शन की जानकारी दी गई थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। नतीजतन, एक बड़ी लापरवाही के कारण वर्षों की कमाई पलभर में राख हो गई। रेस्टोरेंट में रखे रेफ्जिरेटर, कीमती फर्नीचर, रसोई उपकरण, दस्तावेज और अन्य सामग्री पूरी तरह से जल गई। आग इतनी तेज थी कि उसके आसपास की दुकानों को भी खतरा पैदा हो गया, हालांकि फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी से बड़ा नुकसान टाल दिया गया। फायर ब्रिगेड अधिकारी मिंदर पाल सिंह ने बताया कि उन्हें जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, तत्काल अग्निशमन वाहन और टीम को रवाना किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी सतर्कता से आग को नियंत्रित किया और आस-पास की दुकानों को सुरक्षित किया। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद से पुलिस और अग्निशमन विभाग ने संयुत्तफ़ जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का आरोप है कि यदि विभागीय अधिकारी समय पर सतर्क होते, तो यह हादसा टाला जा सकता था। रेस्टोरेंट में लगी आग ने एक बार फिर शहर में बिजली विभाग की कार्यशैली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में यदि इस तरह की घटनाओं पर समय रहते ध्यान न दिया गया, तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।
