बनभुलपूरा अतिक्रमण मामले में सुनवाई कल, पुलिस प्रशासन अलर्ट
हल्द्वानी। उत्तराखंड हाई कोर्ट में वनभूलपुरा क्षेत्र रेलवे की भूमि पर अतिक्रमण मामले की सुनवाई को देखते हुए पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया है। माना जा रहा है कि हाईकोर्ट उपरोक्त अतिक्रमण के मामले में कल अपना निर्णय दे सकता है।इसी क्रम में सोमवार को एसपी सिटी मनोज कत्याल ने वनभूलपुरा क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। एसपी सिटी ने बताया कि अतिक्रमण मामले में मंगलवार को हाई कोर्ट में सुनवाई निर्धारित है। इसे देखते हुए पूरे क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी फोर्स तैनात कर दी गई हैं। पूरे इलाके की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इससे पूर्व जिलाधिकारी के निर्देश पर वनभूलपुरा क्षेत्र में लाइसेंसी शस्त्र भी अस्थायी रूप से जमा करवाए जा चुके हैं, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। वहीं, रेलवे क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे पुलिस अधीक्षक अरुण भारती भी रेलवे पुलिस बल के साथ मौके पर तैनाती सुनिश्चित कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि वनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे की भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ दायर याचिका पर हाई कोर्ट में सुनवाई अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। माना जा रहा है कि सुनवाई के बाद न्यायालय इस मामले में कल महत्वपूर्ण निर्णय दे सकता है। संभावित निर्णय के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
