Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भाजपा सरकारों में हुई घोटालों की बरसात: अमित शाह के बयान पर हरीश रावत का कड़ा पलटवार

देहरादून/हरिद्वार। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने हरिद्वार में आयोजित भाजपा की जनसभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा कांग्रेस सरकार पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है। पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘भ्रष्टाचार के खिलाफ बात, और पीछे घोटालों की बरसात’ भाजपा की राजनीति की सच्चाई है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध बात करते रहो और पीछे भ्रष्टाचार करते रहो। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई इनके दिखाने के दाँत हैं और भ्रष्टाचार करना इनके खाने के दाँत हैं। उन्होंने लिखा कि हरिद्वार से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चुनावी शंखनाद किया और अपने भाषण में यह दावा किया कि नौ वर्षों में उनकी सरकारों पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा। रावत ने इस दावे को झूठ करार देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के दो मामलों में हाईकोर्ट सीबीआई जांच के आदेश दे चुका है, ऐसे में इस प्रकार के दावों को जनता आसानी से स्वीकार नहीं करेगी। हरीश रावत ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा दूसरों की कमीज पर दाग दिखाने की कोशिश कर रही है, जबकि अपनी सरकार के दाग छिपाना उनके लिए मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में जमीन से लेकर बजरी तक कई घोटाले सामने आए हैं और सत्ता से जुड़े लोग इन मामलों में कहीं न कहीं शामिल रहे हैं। रावत ने यह भी कहा कि यदि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए घोटालों की सूची बनाई जाए और पूर्व मुख्यमंत्री निशंक के कार्यकाल से गिनती शुरू की जाए, तो अब तक 200 से अधिक चर्चित घोटाले सामने आ चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा को जनकल्याण के कार्यों के बजाय पैसे और ताकत के दम पर चुनाव जीतने का भरोसा है, क्योंकि विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में बताने के लिए उनके पास कोई ठोस उपलब्धि नहीं है। उन्हें केवल अपनी पाशविक शक्ति और धर्म शक्ति पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *