मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी अपराधी गुरबाज सिंह गिरफ्तार
गदरपुर। फरार एवं इनामी अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को गुरुवार देर शाम एक बड़ी सफलता मिली, जब 25,000 रुपये का इनामी शातिर अपराधी गुरबाज सिंह उर्फ मानू पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा द्वारा फरार अपराधियों पर शीघ्र कार्रवाई के स्पष्ट एवं कड़े निर्देश दिए गए थे, जिनके अनुरूप अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। चौकी गूलरभोज क्षेत्र में गदरपुर पुलिस टीम नियमित चेकिंग कर रही थी, तभी पुलिस को वांछित और फरार चल रहा अपराधी गुरबाज सिंह उर्फ मानू दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया और घेराबंदी होते ही जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल अवस्था में उसे तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। गुरबाज सिंह उर्फ मानू गदरपुर थाना क्षेत्र का 25,000 रुपये का इनामी और बेहद कुख्यात अपराधी है। क्षेत्र में दहशत फैलाना और लोगों पर फायरिंग कर भय उत्पन्न करना उसका पुराना तरीका रहा है। वर्ष 2019 में थाना नानकमत्ता में थानाध्यक्ष पर की गई फायरिंग की गंभीर घटना भी इसी के विरुद्ध दर्ज है। गदरपुर, बाजपुर, दिनेशपुर, नानकमत्ता सहित उत्तर प्रदेश के मिलक खानम ;रामपुरद्ध थानों में उस पर हत्या के प्रयास, लूट, राहजनी, बलवा और अवैध हथियार रखने जैसे संगीन आरोपों में 17 से अधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। वादी बलजीत सिंह की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा एफआईआर संख्या 130/2025 धारा 126;2, 109, 115;2, 351;2 बी.एन.एस. के अंतर्गत दर्ज किया गया है, जिसमें आरोपी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने और धमकी देने का आरोप है। गिरफ्तार किए गए अपराधी की पहचान गुरबाज सिंह उर्फ मानू पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी ग्राम कलकत्ता, थाना गदरपुर, जिला ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से समझौता बिल्कुल नहीं किया जाएगा तथा अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
