पुल की स्वीकृति पर मेयर विकास शर्मा का भव्य स्वागत
रुद्रपुर। तीनपानी डेम के पुनर्निर्माण एवं पुल निर्माण की स्वीकृति मिलने पर वार्ड नंबर 1 में सैकड़ों लोगों ने मेयर विकास शर्मा के सम्मान में स्वागत-अभिनंदन समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और उन्होंने फूलमालाओं के साथ मेयर का गर्मजोशी से स्वागत किया।सभा को संबोधित करते हुए मेयर विकास शर्मा ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड नंबर 1 उनकी जन्मभूमि है और इस क्षेत्र से उन्हें विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और डेम के पुनर्निर्माण से हजारों लोगों को जलभराव से राहत मिलेगी। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। श्री शर्मा ने बताया कि गंगापुर रोड के चौड़ीकरण को भी मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृति मिल चुकी है और उस पर शीघ्र कार्य शुरू होगा। फुलसूंगा, फुलसुंगी और शिमला बहादुर क्षेत्र के लोगों ने कहा कि वे वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझ रहे थे। बरसात के समय घरों और सड़कों में पानी भर जाता था, जिससे आवागमन और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित होता था। डेम पुनर्निर्माण की स्वीकृति मिलने से अब स्थायी समाधान की उम्मीद जगी है। इसके लिए क्षेत्रवासियों ने मेयर विकास शर्मा का आभार जताया।सभा में मौजूद जनता को संबोधित करते हुए भाजपा नेता सुरेश कोहली ने कहा कि मेयर विकास शर्मा क्षेत्र के विकास के लिए दिन-रात समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सांस्कृतिक पहचान और विकास दोनों साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जहां पहले इंदिरा चौक का दृश्य अलग था, वहीं अब भोलेनाथ का महात्रिशूल स्थापित होने से धार्मिक आस्था का प्रतीक सशक्त हुआ है।सुरेश कोहली ने कहा कि कांग्रेस अपने पार्षद को वार्ड नंबर 1 से विजयी नहीं करा सकी, जबकि मेयर विकास शर्मा और मुख्यमंत्री धामी के प्रभाव से भाजपा प्रत्याशी यहां से विजयी हुए। उन्होंने कहा कि मेयर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। वहीं किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास भाजपा सरकार में ही संभव है। उन्होंने तीनपानी डेम पुनर्निर्माण को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे हजारों लोगों को राहत मिलेगी और आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी।वार्ड 1 के पार्षद पवन राणा ने कहा कि डेम का पुनर्निर्माण, जल निकासी व्यवस्था का सुधार, पुल निर्माण तथा सड़क चौड़ीकरण होने से न केवल जलभराव की समस्या दूर होगी बल्कि आवागमन भी सुगम बनेगा। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री और मेयर विकास शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने मेयर का अभिनंदन करते हुए विश्वास जताया कि क्षेत्र के विकास कार्य इसी तरह आगे बढ़ते रहेंगे और वार्ड नंबर 1 को बुनियादी सुविधाओं से सशक्त बनाया जाएगा।
