देहरादून को मॉडल सिटी बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्धः धामी
नगर निगम के 27वें स्थापना दिवस पर सीएम ने किया 46 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
देहरादून। नगर निगम के 27वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 46 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया और महिलाओं के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में अपने सम्बोधन के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शहरी विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रदेश सरकार पूर्णतया प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि देहरादून को मॉडल सिटी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जनसुविधाओं में सुधार के माध्यम से शहरवासियों को बेहतर लाइफलाइन उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 27 वर्षों में देहरादून नगर निगम ने नागरिक सुविधाओं के विस्तार और शहरी प्रबंधन के क्षेत्र में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा, ष्देहरादून को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित नगर बनाने में नगर निगम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज का यह अवसर न केवल हमारी उपलब्धियों का उत्सव है, बल्कि आने वाले समय में महानगर को भविष्य की चुनौतियों से निपटने और विकास के नए आयाम देने का भी है। हमारी सरकार भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण देने के लिए काम कर रही है। सीएम धामी ने कहा कि डबल इंजन सरकार में शहरों के विकास की नई कार्य संस्कृति विकसित हुई है। उन्होंने उल्लेख किया कि आवासहीनों को घर दिए जा रहे हैं और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार समग्र विकास और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा हर क्षेत्र में विकास के लिए हमारी प्रतिबद्धता अडिग है। शहरों में कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, और विभिन्न जनकल्याणी योजनाओं के माध्यम से नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास का संदर्भ देते हुए बताया कि सड़कों, जल आपूर्ति, जलनिकासी, पार्क, सामुदायिक केंद्र और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण से शहरवासियों की जीवन गुणवत्ता में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहरवासियों की आकांक्षाओं के अनुरूप भविष्य की योजनाओं को प्राथमिकता देगा।मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों और अधिकारियों से शहर को और अधिक विकसित, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता और सरकार के संयुक्त प्रयास से ही देहरादून को राष्ट्रीय स्तर का मॉडल शहर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में देहरादून के प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक विनोद चमोली, विधायक उमेश शर्मा काऊ, महापौर सौरभ थपलियाल, नगर आयुक्त नमानी बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
