किच्छा में 12 हजार की रिश्वत लेते उद्यान निरीक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार
टोल फ्री 1064 पर शिकायत के बाद सतर्कता टीम ने किया ट्रैप, मुआयने के बाद भी मांग रहा था पैसे
किच्छा। लकड़ी ठेकेदार से रिश्वत मांगने के मामले में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने किच्छा में बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह पिछले 5-6 वर्षों से लकड़ी ठेकेदारी का कार्य कर रहा है। उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से निजी आम के पेड़ खरीदे थे, जिन्हें काटने की अनुमति के लिए उसने 26 पेड़ों का आवेदन उद्यान विभाग में किया था। विभागीय अधिकारियों द्वारा मौका मुआयना भी किया जा चुका था, इसके बावजूद आरोपी निरीक्षक बादल पाण्डे द्वारा 16 पेड़ों की कटाई की अनुमति देने के एवज में 12,000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। गुरुवार, 9 अप्रैल 2026 को ट्रैप टीम ने किच्छा स्थित उद्यान सचल दल केंद्र कार्यालय में कार्रवाई करते हुए आरोपी बादल पाण्डे को शिकायतकर्ता से 12,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बादल पाण्डे पुत्र बची राम पाण्डे, निवासी शक्ति विहार तल्ली हल्द्वानी के रूप में हुई है।इस सफल कार्रवाई पर निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करते हुए टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 एवं व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर शिकायत दर्ज कराएं।
