स्कॉर्पियो में पकड़ा लाखों का गांजा,तस्कर गिरफ्तार
रामनगर(उद संवाददाता)।रामनगर कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पीरुमदारा चौकी इंचार्ज सुनील धानिक की अगुवाई में पुलिस कर्मियों की मदद से मुखबीर की सूचना पर आम पोखरा 64 गेट के पास एक स्कॉर्पियो वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें से 45 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद किया गया। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि वाहन में सवार हरजीत सिंह, निवासी मानपुर काशीपुर को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपए आंकी गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ नशा प्रतिबंधक कानूनों के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। कोतवाल सुशील कुमार ने आगे बताया कि पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि समाज से नशे की इस जहरीली लत को खत्म किया जा सके।
