Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

फायर से धुरंधर तकः धामी ने कहा, पार्टी नेतृत्व और जनता से मिली पहचान मेरे लिए बड़ी जिम्मेदारी

देहरादून (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि पार्टी नेतृत्व और जनता से मिल रही पहचान उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का हर पल प्रदेश की सेवा और विकास को समर्पित है। नगर निगम में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा दी गई श्फ्लावर नहीं फायरश्, धाकड़ और अब धुरंधर जैसी उपमाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये उपमाएं केवल शब्द नहीं हैं, बल्कि यह केंद्रीय नेतृत्व का विश्वास और जनता की अपेक्षाओं का प्रतीक हैं। इन संबोधनों के साथ राज्य के प्रति उनका उत्तरदायित्व और भी बढ़ गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनभावनाओं के अनुरूप उत्तराखंड के विकास को तेज गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर निर्णय राज्य की जनता के व्यापक हित को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है। पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बेहद सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि उत्तराखंड में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि राज्य में सक्रिय हर प्रकार के अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया कि असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर तत्काल सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और प्रदेश में अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाई जाएगी। अपनी चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने पुरानी यादें साझा करते हुए बताया कि विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान अल्मोड़ा की एक जनसभा में राजनाथ सिंह ने उन्हें फ्लावर नहीं फायर कहकर संबोधित किया था। वहीं, हाल ही में हल्द्वानी में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें ‘धुरंधर’ की उपाधि दी गई, जिसे वह अपने कार्यों की सराहना और जनता के प्रति अपनी सेवा का एक नया संकल्प मानते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास और सुरक्षा के लिए वह निरंतर कड़े फैसले लेने से पीछे नहीं हटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *