गैस एजेंसी में फर्जीवाड़े का खुलासा, विधायक की पत्नी समेत कई लोगों की हुई फर्जी बुकिंग
रूद्रपुर । भूरारानी मोड़ स्थित दुआ गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं के नाम पर फर्जी बुकिंग और गैस की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। इस फर्जीवाड़े का शिकार स्वयं क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा और उनकी धर्मपत्नी भी हुए हैं। घटना का खुलासा तब हुआ जब विधायक की पत्नी सीमा अरोरा के गैस कनेक्शन पर 18 मार्च को एजेंसी द्वारा स्वयं ही बुकिंग कर उसी दिन डिलीवरी का मैसेज भी भेज दिया गया, जबकि उनके द्वारा कोई गैस बुक नहीं की गई थी। इस सूचना पर जब विधायक शिव अरोरा स्वयं दुआ गैस एजेंसी पहुंचे, तो वहां पहले से ही बड़ी संख्या में आक्रोशित उपभोक्ता मौजूद थे। मौके पर भाजपा नेता मयंक कक्कड़ सहित दर्जनों ऐसे उपभोक्ता सामने आए जिनके साथ इसी प्रकार का फर्जीवाड़ा हुआ था। उपभोक्ता अशोक कुमार आर्य, राम किशोर, आनंद कुमार, रविंद्र कुमार, राजेश चंद्र और दया सागर जैसे अनेक लोगों के फोन पर गैस डिलीवरी के फर्जी मैसेज आ चुके थे। जब इन उपभोक्ताओं ने वास्तव में गैस बुक करने का प्रयास किया, तो उन्हें पता चला कि उनकी बुकिंग पहले ही दिखाई जा चुकी है और उनके हिस्से की गैस काला बाजारी की भेंट चढ़ चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक शिव अरोरा का पारा चढ़ गया और उन्होंने मौके पर मौजूद तहसीलदार दिनेश तथा खाद्य आपूर्ति निरीक्षक मलकित सिंह को एजेंसी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि एक ओर सरकार देश में गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर दुआ गैस एजेंसी जैसी संस्थाएं संकट के समय में गरीबों के हक की गैस की काला बाजारी कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार का कृत्य किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और एजेंसी का लाइसेंस सस्पेंड करने के साथ ही मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष संदीप राव, संजय आर्य, मयंक कक्कड़, राजेश कुमार, प्रदीप यादव, हरदीप सिंह और राधेश शर्मा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
