पूर्व सीएम हरीश रावत ने चौखुटिया में अनशनकारियों को दिया समर्थन
सड़कों की दुर्दशा देख सरकार के दावों पर उठाए सवाल
चौखुटिया /अल्मोड़ा (उद संवाददाता)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत गत दिवस चौखुटिया पहुंचे, जहाँ उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे साथियों से भेंट की। रावत ने मौके पर पहुंचकर अनशनकारियों की स्थिति जानी और कहा कि उनकी मांगें पूरी तरह न्यायोचित हैं। उन्होंने मौके पर ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से भी दूरभाष पर वार्ता कर अनशनकारियों की मांगों के उचित समाधान के लिए निवेदन किया। चौखुटिया में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को लेकर चल रहा ऑपरेशन स्वास्थ्य आंदोलन बुधवार को 28वें दिन भी जारी रहा। इस आंदोलन के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत आमरण अनशन स्थल पर पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री ने आंदोलनकारियों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने आमरण अनशन को क्रमिक अनशन में बदलने की सलाह भी दी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडिया साझा करते हुए कहा कि सरकार गडढा -मुक्त सड़कों का दावा करती है, लेकिन धरातल पर स्थिति कुछ और ही है। उन्होंने बताया कि वे मासी से भिकियासैंण तक के मार्ग से गुजरे, जो पीडब्लूडी की सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग खंड से जुड़ा है, लेकिन सड़कों की हालत अत्यंत खराब है। हरीश रावत ने कहा कि सरकार के दावे केवल कागजों पर हैं, जबकि हकीकत जनता रोज झेल रही है। मेरा कार्यक्रम पहले से तय था, और संयोग से आज जब मैं इस मार्ग से गुजरा तो ग्यक्कों की सच्चाई खुद देखी। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता विकास की नहीं, बल्कि बदहाली की सड़क पर चल रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि चौखुटिया क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जाए और सड़क सुधार कार्यों को तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाए।
