February 22, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

खाद्य सुरक्षा विभाग ने दूध और दालों के नमूने लेकर शुरू की छापेमारी

हल्द्वानी/कालाढूंगी। आगामी होली और रमजान के त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आयुक्त खाद्य संरक्षा और औषधि प्रशासन, उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों पर शनिवार को विभाग की संयुक्त टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों और मिलावट का धंधा करने वालों में हड़कंप मच गया है। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान के नेतृत्व में टीम ने सुबह नयागांव क्षेत्र में घेराबंदी कर दूध की आपूर्ति करने वाले एक दर्जन से अधिक वाहनों की जांच की। इस दौरान संदेह के आधार पर एक वाहन से दूध के दो नमूने लिए गए। इसके पश्चात टीम ने कालाढूंगी के मुख्य बाजार और चकलुआ क्षेत्र का रुख किया, जहाँ आधा दर्जन से अधिक मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। राष्ट्रीय दाल सर्विलांस अभियान के तहत एक प्रतिष्ठान से दालों के दो नमूने भी भरे गए। इन सभी चार नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि विश्लेषण प्रयोगशाला भेज दिया गया है।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का ही विक्रय करें। व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि बिना बिल के कोई भी खरीद न की जाए और स्टॉक का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज रखा जाए। विभाग ने स्पष्ट किया कि एक्सपायरी डेट ;कालातीतद्ध वाली सामग्री का भंडारण या विक्रय करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आएगा। प्रतिष्ठान स्वामियों को अपने स्टोर की नियमित साफ-सफाई करने और कीट नियंत्रण के लिए दवाओं का छिड़काव करने के भी निर्देश दिए गए।विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों के लिए एक अति महत्वपूर्ण चेतावनी भी जारी की है। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी कारोबारी अनिवार्य रूप से अपनी सही श्रेणी ;टर्नओवर के अनुसारद्ध में लाइसेंस बनवाएं और उसे प्रतिष्ठान के डिस्प्ले बोर्ड पर स्पष्ट रूप से चस्पा करें। यदि कोई व्यापारी बिना लाइसेंस के कार्य करता पाया जाता है, तो एफएसएस एक्ट 2006 की धारा 31;1 या 31;2 के तहत विधिक कार्यवाही की जाएगी, जिसमें अधिकतम 10 लाख रुपये तक के जुर्माने का कड़ा प्रावधान है।आयुक्त के निर्देश पर गठित संयुक्त टीमें अब प्रतिदिन जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर रही हैं, जिसकी विस्तृत रिपोर्ट सीधे आयुक्त कार्यालय को भेजी जा रही है। अधिकारियों ने दोटूक कहा है कि त्योहारों के सीजन में जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ विभाग सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *