February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अवैध फैक्ट्री को खाद्य विभाग की टीम ने किया बंद: 5 कुंतल से अधिक दूषित मिठाइयों को किया नष्ट

कई खाद्य पदार्थों के लिए सैंपल
किच्छा(उद संवाददाता)। दीपावली त्यौहार के दृष्टिगत कुमाऊं मंडल खाद्य संरक्षा उपायुक्त राजेंद्र सिंह कठायत के नेतृत्व में किच्छा में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग अभियान के तहत खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उधम सिंह नगर की प्रवर्तन टीम द्वारा दो निर्माण इकाइयों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नगर के पुराना बरेली मार्ग पर अवैध रूप से फैक्ट्री संचालित कर मिठाई का निर्माण, विक्रय, वितरण एवं संग्रह होते पाया गया। जांच के दौरान निर्माण इकाई पर कोई भी फूड लाइसेंस नहीं मिला। टीम ने जांच के उपरांत तमाम खामियां पाए जाने पर मिठाई निर्माण की अवैध फैक्ट्री को तुरंत बंद करने के निर्देश दे दिए। टीम ने मौके से करीब 5 कुंतल से अधिक दूषित मिठाई को जनहित में नष्ट कर दिया और कारोबार पर तत्काल रोक लगा दी। टीम ने मौके से चीनी, मिश्री, मोतीचूर लîóू, रिफाइंड तेल का सैंपल कब्जे में लेकर लैब में जांच के लिए भेज दिया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। खाद्य विभाग की टीम ने सभी प्रतिष्ठान स्वामियों को संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी खाद्य कारोबारी द्वारा एफ- एस- एस- ए- एक्ट 2006 के मानकों के अनुरूप खाद्य एवं पेय पदार्थ का विक्रय, संग्रहण व निर्माण नहीं किया जाता तथा बिना पंजीकरण लाइसेंस के खाद्य कारोबार किए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। टीम ने खाद्य विक्रेताओं से खाद्य पदार्थों के क्रय विक्रय करने का दैनिक रिकॉर्ड रखने के निर्देश देते हुए जनता से अपील की है कि खाद्य एवं पेय पदार्थ को खरीदते समय निर्माण तिथि एवं उपयोग की तिथि तथा खाद्य कारोबारी का खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण अवश्य देख लिया करें। इस दौरान टीम में खाद्य संरक्षा उपाध्यक्ष उपयुक्त डॉ राजेंद्र सिंह, सहायक आयुक्त डॉ प्रकाश फुलारा, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती अपर्णा शाह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती आशा आर्य, राजस्व उप निरीक्षक शेखर चंद आर्य, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी भरत सिंह राणा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *