February 24, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कार और टेंपो की भिड़ंत में पांच लोग गंभीर

काशीपुर (उद संवाददाता)। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत किन्नी खेड़ा रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेंट मेरी स्कूल के सामने बने स्पीड ब्रेकर पर एक कार और टेंपो की जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 112 पुलिस टीम और स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।जानकारी के अनुसार, रात लगभग 12ः30 बजे किन्नी खेड़ा रोड पर यह दुर्घटना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कूल के सामने बने ब्रेकर पर अचानक संतुलन बिगड़ने से तेज रफ्तार कार और टेंपो आपस में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों में सवार लोग किन्नी खेड़ा की ओर ही जा रहे थे। हादसे के वक्त टेंपो में तीन और कार में दो लोग सवार थे। गनीमत रही कि इस भयावह टक्कर में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि सभी पांचों सवारों को गंभीर चोटें आई हैं।काशीपुर कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस बल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने आम जन से अपील की है कि रात्रि के समय वाहनों की गति नियंत्रित रखें और सड़क पर बने ब्रेकर व मोड़ों पर विशेष सावधानी बरतें। पुलिस अब जांच कर रही है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या मानवीय लापरवाही से।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *