मसूरी-देहरादून मार्ग पर कार खाई में गिरने से पांच लोग गंभीर
मसूरी(उद संवाददाता)। पहाड़ों में लगातार हो रहे सड़क हादसों की कड़ी में एक और दर्दनाक घटना जुड़ गई। देर रात मसूरी-देहरादून मार्ग पर ‘पानी वाला बैंड’ के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए तत्काल दून अस्पताल, देहरादून भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस और 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने खाई में उतरकर सभी घायलों को बाहर निकाला। अंधेरा होने के बावजूद राहत कार्य में तत्परता दिखाई गई और घायलों को सुरक्षित निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, सभी यात्री मसूरी में एक शादी समारोह में शामिल होकर दिल्ली लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। दुर्घटना में घायलों हुए लोगों की पहचान फरीद अकरम (42), पुत्र रईस अहमद, निवासी तुगलकाबाद, दिल्ली,रतन गौड़ (48), पुत्र जनार्दन प्रसाद गौड़, निवासी टिहरी गढ़वाल,ओमप्रकाश जनार्दन (42), निवासी टिहरी गढ़वाल,मुकेश गौड़ (31), पुत्र जनार्दन प्रसाद गौड़, निवासी टिहरी गढ़वाल,देशराज (29), पुत्र रामचंद्र, निवासी तुगलकाबाद, दिल्ली के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद पुलिस और राहत दल ने बताया कि कार एक तीखे मोड़ पर नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
